महाराष्ट्र में बढ़ रहा कोरोना मरीजों का आंकड़ा, आज 5 नए मरीज आए सामने

महाराष्ट्र में बढ़ रहा कोरोना मरीजों का आंकड़ा, आज 5 नए मरीज आए सामने

सेहतराग टीम

कोरोना इस समय पूरे विश्व में महामारी के तौर पर फैल चुका है। वहीं अब भारत में भी यह वायरस काफी तेजी से पैर पसार रहा है। वैसे भारत के सभी राज्यों में इसका प्रकोप बढ़ रहा है लेकिन इस वायरस से महाराष्ट्र कुछ ज्यादा ही प्रभावित हो रहा है। दिन प्रतिदिन यहां पर मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। वहीं सिलसिला आज भी जारी रहा। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में पांच लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। चोर लोग नागपुर शहर में और एक अन्य गोदिया जिले में संक्रमित पाया गया है। इस आंकड़े के बाद अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इससे साथ ही नागपुर शहर में कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

पढ़ें- युद्ध की तरह कोरोना पर भी विजय पाएगा शिवाजी महाराज का महाराष्ट्र: सीएम उद्धव ठाकरे

आपको बता दे कि दिल्ली की यात्रा करने वाला 43 वर्षीय शख्स गुरुवार को नागपुर में संक्रमित पाया गया था। उसे इंदिरा गांधी सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अब उसके चार रिश्तेदार भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नागपुर में कोविड-19 के कुल नौ मरीजों में से सबसे पहले संक्रमित पाए गए व्यक्ति को गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वह पूरी तरह स्वस्थ हो गया। अधिकारी ने कहा कि अब पांच मरीजों का आईजीजीएमसीएच में इलाज चल रहा है और तीन का सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि गोंदिया जिले में भी एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है।

इस बीच, पुणे जिले के पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में कोविड-19 के तीन मरीजों को शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी। गुरुवार को उनके नमूनों की दोबारा हुई जांच में वे संक्रमित नहीं पाए गए।

पिंपरी चिंचवाड़ महानगरपालिका (पीसीएमसी) के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 14 दिन अलग रहने के बाद दो बार जांच में संक्रमित नहीं पाए गए तीन मरीजों को आज अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिंपरी चिंचवाड़ में अभी तक कोरोना वायरस के 12 मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले सात दिनों में कोई नया मामला सामने नहीं आया।

वहीं, मुंबई के पश्चिमी उपनगर दहिसर में खुद को पुलिसकर्मी दिखाकर और एक घर में जबरन घुसने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि गणेश नगर निवासी आकाश मिस्त्री (22) और जय मिस्त्री (23) ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और इलाके में एक व्यक्ति के घर में जबरन घुसे।

उन्होंने बताया कि जब आरोपी पहचान संबंधी आवश्यक प्रमाण नहीं दिखा सके और घटनास्थल से भागने की कोशिश की तब इलाके के निवासियों ने उन्हें दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दहिसर पुलिस इंस्पेक्टर संजय मराठे ने बताया कि दोनों को भारतीय दंड संहिता की धारा 452 और 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

इसे भी पढ़ें-

लॉकडाउन पर सरकार ने खोला खजाना, 3 महीनों का प्लान तैयार

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।